ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना बेहद जरूरी:-उपायुक्त
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने और ठोस व तरल अपशिष्ट (कचरा) के वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान बैठक में जिले के सभी प्रखंडों और ग्राम पंचायतों में चल रहे स्वच्छता कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक और प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रखंड और पंचायत स्तर पर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की योजनाओं की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया। आगे उपायुक्त ने कहा, “जब तक कचरा प्रबंधन में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक गांवों को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026’ के नियमों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि लोग घरों से निकलने वाले कचरे का सही वर्गीकरण कर सकें। साथ ही स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर काम करने को कहा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड मॉनिटरिंग करनी होगी।
बैठक में उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, जिला योजना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, एवं संबंधित विभाग के अधिकारी, डवलपमेंट पार्टनर्स वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।
Prd Deoghar Dc Deoghar Swachh Bharat Mission, India Yogendra Prasad Jal Jeevan Mission, India





