श्रावणी मेला में घरेलू सिलिंडर प्रतिबंधित
बैठक में उपायुक्त ने दिया सख़्त निर्देश

श्रावणी मेला में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध, केवल 19 KG कमर्शियल सिलेंडरों का होगा इस्तेमाल: उपायुक्त
देवघर
श्रावणी मेला, 2026 के दौरान गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने और घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग को रोकने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आज आईओसीएल (IOCL) के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। मेला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंटों, मिठाई दुकानों, चाय दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल और केवल 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडरों का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही 05 किलो का छोटा सिलेंडर मुख्य रूप से छोटे परिवारों, प्रवासियों और यात्रियों की तात्कालिक जरूरतों के लिए ही बनाया गया है। ऐसे में श्रद्धालु अपने व्यक्तिगत उपयोग (जैसे स्वयं भोजन बनाने) के लिए 05 किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर (जैसे IOCL का ‘छोटू’ सिलेंडर) का उपयोग कर सकते हैं। आगे उपायुक्त ने आईओसीएल के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मेला क्षेत्र के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति और उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे, ताकि किसी भी दुकानदार को परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने राजकीय श्रावणी मेला के सफल संचालन के लिए पूरे मेला क्षेत्र में गैस आपूर्ति शृंखला को निर्बाध और सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में आईओसीएल के अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा* उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर श्री रवि कुमार, आईओसीएल के एलपीजी झारखंड हेड श्री सुबल साई, जिला योजना पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती प्रीतिलता किस्कू, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एलपीजी सेल्स ऑफिसर श्री भूपेंद्र सिंह एवं आईओसीएल के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
#lpggas #ShravaniMela Deoghar prd




